नोट बंदी के शोरगुल के बीच पालिका की हुई बोर्ड बैठक में स्वच्छता अभियान के अलावा अतिक्रमण और शहर में जाम का कारण बन रहे ई-रिक्शा का मुद्दा छाया रहा। बैठक में कुल 10 प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही पेयजल आपूर्ति सुधारने के लिए मिस्त्री और मजदूर रखे जाने का प्रस्ताव भी पास किया गया।
मंगलवार को हुई नगर पालिका बोर्ड बैठक में शहर में साफ-सफाई, अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को बेपटरी कर रहे ई-रिक्शा पर लगाम लगाने के लिए माथापच्ची हुई। बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष पिंकी गर्ग ने किया। बैठक में प्रस्ताव पास किया गया कि अब शहर में सिर्फ 2000 ई-रिक्शा ही चलेंगे।
ई-रिक्शा चालकों का पंजीकरण पालिका में कराना अनिवार्य होगा। साथ इन चालकों को लाइसेंस भी बनवाना होगा। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हर घर और दुकान के बाहर पालिका डस्टबिन रखेगी। खुले में कूड़ा फेंकने वालों से अब पालिका 500 रुपये जुर्माना वसूलेगी।
इसके अलावा अतिक्रमण करने वालों दुकानदारों पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। तीनों प्रस्ताव पास कर शासन को भेज दिए गए। पालिका बोर्ड बैठक में कुल 10 प्रस्ताव पास किए गए। माह सितंबर-अक्तूबर के मासिक आय-व्यय का प्रस्ताव बोर्ड में पास किया गया।
वार्ड-12 में 367438 रुपये में पीवीसी पाइप लाइन डाले जाने की वित्तीय स्वीकृति बोर्ड ने प्रदान की। इस मौके पर ईओ एके सिंह, एओ भोलानाथ, राजकुमार, संजय गोयल, सुखदेव शर्मा, सुनील शर्मा टीटू, ऋषिपाल सिंह, सुरेखा चौधरी, अशोक चौधरी आदि रहे।
नीलाम होंगी जीप, आएंगी बोलेरोः नगर पालिका ईओ के लिए अब जीप की जगह बोलेरो का इंतजाम किया जाएगा। पालिका बोर्ड बैठक ने दो बोलेरों खरीदने का प्रस्ताव पास कर दिया है।
नलकूप बंद होने पर हंगामा
मिनी नलकूप के सहारे उपरकोट क्षेत्र को जलापूर्ति के दावे की उस समय पोल खुल गई, जब उसी क्षेत्र के सभासदों ने हंगामा शुरू कर दिया। सभासदों ने आरोप लगाया कि उपरकोट में सिर्फ एक नलकूप चालू है।
सभासद अकरम अली और आसिफ अली राणा ने कहा कि नलकूप का गड्ढा तक खुला पड़ा है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। पिछले एक माह से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
घर-दुकानों के बाहर रखी जाएगी डस्टबिन
बोर्ड बैठक में 10 प्रस्ताव पास किए गए हैं। घर-दुकान के बाहर डस्टबिन रखी जाएंगी। खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर 500 रुपये जुर्माना किया जाएगा। इसके अलावा अतिक्रमण करने वालों पर 1000 रुपये का जुर्माना किया जाएगा। कुल 2000 ई-रिक्शे शहर की सड़कों पर दौड़ेंगे। सभी के लिए ड्राइविंग लाइसेंस मान्य होगा।
एके सिंह, ईओ, नगर पालिका