सिकंदराबाद। जिले की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक नई पहल की गई है। अब गांवों में कूड़ा निस्तारण की जिम्मेदारी स्वच्छता सखियों को सौंपने की तैयारी है। ग्राम पंचायत स्तर पर गठित टीम घर-घर जाकर कचरा एकत्र करेगी और उसे निर्धारित स्थान पर सुरक्षित तरीके से निस्तारित करेगी।
एडीओ पंचायत धमेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में कूड़ा निस्तारण के लिए स्वच्छता सखियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ताकि वह गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके उचित ढंग से निस्तारण कर सकें। इससे गांव की गलियां स्वच्छ रहेंगी और बीमारियों का खतरा भी कम होगा। स्वच्छता सखी घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करेंगी।
कूड़ा निस्तारण से खाद एवं अन्य उपयोगी सामग्री तैयार की जाएगी, जिससे ग्राम पंचायत को आय होगी। इस कार्य में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, गांव की महिलाओं को शामिल किए जाने की योजना है, जिससे उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
अब तक स्वयं सहायता समूह की 71 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन कुमार मिश्रा ने बताया कि यह पहल उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन ग्रामीण के सहयोग से शुरू की जा रही है। इससे जहां ग्राम पंचायत स्वच्छ होंगी तो साथ ही स्वच्छता सखियों की आय में भी इजाफा होगा। इससे होने वाली आय से वह आत्मनिर्भर भी बन सकेंगी।