जिले में कूड़े का निपटारा (वेस्ट मैनेजमेंट) करने के लिए मेगा प्रोजेक्ट पर कसरत शुरू कर दी है। लखनऊ की ‘मुस्कान ज्योति’ संस्था घर-घर से कूड़ा एकत्र कर प्लांट में प्रोसेसिंग करेगी और कंपोस्ट खाद बनाएगी। इसी क्रम में 16 निकाय क्षेत्रों में डंपिंग ग्राउंड के लिए भूमि चिह्नित की जाएगी।
हर एक निकाय क्षेत्र में दो लाख की आबादी पर दो एकड़ क्षेत्रफल में वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित होगी। बुलंदशहर में प्रस्तावित यूनिट की प्रथम वर्ष में कुल लागत 4.56 करोड़ रुपये आएगी। यूनिट में तैयार खाद की बिक्री से प्रशासन को 1.86 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त होगा।
कुल मिलाकर प्रोजेक्ट की कास्ट पहली साल में ही 2.70 करोड़ रह जाएगी। वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की स्थापना हर निकाय में होनी है। जनपद में नौ नगर पालिका और आठ नगर पंचायत हैं। आबादी के हिसाब से प्रोजेक्ट की लागत कम ज्यादा होगी। मुस्कान ज्योति को मेगा प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी किफायती खर्च के कारण दी गई है।
पूर्व में भी प्रोजेक्ट की डीपीआर बनाई गई थी। जिसमें एक यूनिट की लागत 100 करोड़ रुपये से कम नहीं थी। इस लिए पुराने प्रोजेक्ट को रिजेक्ट कर नए प्लान पर फोकस किया गया है। यहां तैयार होने वाला कंपोस्ट किसानों को मिलेगा।