सिकंदराबाद। अब नगर के पुराने जीटी रोड से भारी वाहन नहीं गुजरेंगे। भारी वाहनों के संचालन को रोकने के लिए पालिका पुराने जीटी रोड पर हाइट गेज बैरियर लगवाएगी। सिकंदराबाद-बुलंदशहर मार्ग को गुलावठी रोड से जोड़ने वाले करीब दो किलोमीटर लंबे पुराने जीटी रोड का पालिका करीब चार करोड़ की लागत से निर्माण करवा रही है।
बता दें कि पुराना जीटी रोड नगर के मुख्य मार्गों में शामिल है। जिस पर करीब दर्जनभर कॉलोनियां/मोहल्ले स्थित हैं। बहुत से स्कूल, कॉलेज, निजी अस्पताल भी पुराने जीटी रोड पर स्थित है। सरकारी अस्पताल को जाने वाला मार्ग भी पुराने जीटी रोड से होकर गुजरता है। नगर, क्षेत्र के करीब दस हजार वाहन प्रतिदिन पुराने जीटी रोड से होकर गुजरते हैं। वर्षो से मार्ग के खस्ताहाल होने के कारण वाहन चालकों, नगरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
अब पालिका करीब चार करोड़ की लागत से पुराने जीटी रोड पर सीसी रोड का निर्माण करा रही है। आधा कार्य पूरा हो चुका है। पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित ने बताया कि पुराने जीटी रोड पर जाम की समस्या से निपटने और मार्ग को टूटने से बचाने के लिए मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा। पालिका पुरानी जीटी रोड को जोड़ने वाले सिकंदराबाद-बुलंदशहर मार्ग, सिरोधन रोड, अस्पताल रोड, गुलावठी रोड पर हाइट गेज बैरियर लगवाएगी। इसकी कार्य योजना तैयार कर ली गई है। जल्द ही हाइट गेज बैरियर लगाने का कार्य किया जाएगा।