भट्ठा संचालकों को पर्यावरण क्लीयरेंस देने में हुई देरी का ठीकरा खनन अधिकारी ने एडीएम वित्त पर फोड़ दिया है। एडीएम वित्त ने बताया कि खनन अधिकारी ने झूठी रिपोर्ट डीएम को भेजकर उन्हें बरगलाने का प्रयास किया है। बता दें कि जनपद में 380 ईंट भट्ठे हैं। इनमें से 195 भट्ठा संचालाकों ने प्रशासन से पर्यावरण क्लीयरेंस (ईसी) के लिए आवेदन किया है।
आवेदन को तीन माह से अधिक बीत गया है। अब तक एक भी भट्ठा संचालक को पर्यावरण क्लीयरेंस जारी नहीं की गई है। ईसी में देरी की शिकायत भट्ठा संचालकों ने डीएम से की। शिकायत के क्रम में डीएम ने खनन अधिकारी को नोटिस जारी कर देरी का कारण पूछा।
खनन अधिकारी ने लिखित जवाब में कहा है कि एडीएम वित्त को पर्यावरण क्लीयरेंस के क्रम में पल पल की जानकारी दी गई। एडीएम बृजेश कुमार ने बताया कि खनन अधिकारी ने डीएम को गलत रिपोर्ट दी है। उन्हें जल्द ही सही तथ्यों से अवगत कराया जाएगा।
इसी की आड़ में अवैध वसूली पर्यावरण क्लीयरेंस की आड़ में खनन अधिकारी पर अवैध वसूली का आरोप है। इस संबंध में डीएम के पास कई शिकायतें पहुंची हैं। सूत्रों का कहना है कि
सेटिंग होने के बाद फाइल को आगे खिसकाया जा रहा है। अवैध वसूली खनन विभाग में कार्य कर चुका एक कर्मचारी करवा रहा है।