नगर में सिर के ऊपर नांच रही मौत पर डीएम ने सख्त रवैया अपनाया है। डीएम ने बिजली अफसरों को मौत के जाल हटाने के लिए सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं। एक मेाह के भीतर इन जर्जर तारों को बदलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कम ऊंचाई की लाइनों को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर में जगह-जगह बिजली के तारों के जाल फैले हैं। आए दिन तार टूटने से हादसे होते रहते हैं। नगर के मुख्य कालाआम चौराहा, भूड़ चौराहा, राधा नगर, आवास विकास द्वितीय, साठा, कृष्णा नगर समेत कई जगह तो ऐसी हैं, जहां जर्जर तारों का जाल फैला हुआ है। डीएम आंजनेय कुमार ने इसे गंभीरता से लिया है।
उन्होंने एक्सईएन डीसी शर्मा को निर्देश दिए हैं कि एक माह के भीतर जर्जर तारों को बदलवाकर नए तारों को लगवाया जाए। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में बिजली तारों की ऊंचाई कम है या किसी मकान के नजदीक हैं, उन्हें भी ऊंचा कराया जाए ताकि किसी भी हादसे से बचा जा सके।
एक्सईएन को 31 अक्तूबर तक कार्य की प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। डीएम की चेतावनी के बाद बिजली अफसर हरकत में आए हैं।