बुगरासी। कांवड़ यात्रा के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर लागू किए गए यातायात डायवर्जन का असर अब बुगरासी क्षेत्र में भी साफ दिखाई देगा। ब्रजघाट के पास से वाहनों को पलवाड़ा, बुगरासी होते हुए बसी स्टैंड मार्ग से निकाला जाएगा। ऐसे में आने वाले दिनों में क्षेत्रवासियों को लंबे जाम, यातायात के दबाव और बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था का सामना करना पड़ सकता है। कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर एनएच-9 पर डायवर्जन लागू किए गए हैं।
एनएच-9 पर शुक्रवार की सुबह से डायवर्जन लागू किया गया है। डायवर्जन लागू होने के बाद मुरादाबाद, गढ़मुक्तेश्वर और ब्रजघाट की ओर से आने वाले छोटे-बड़े वाहन पलवाड़ा, बुगरासी और बसी स्टैंड के रास्ते होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। हालांकि रविवार से पहले तक विशेष वाहनों का आवागमन नहीं रहेगा। सोमवार को पहले सावन के चलते रविवार शाम से वाहनों का दवाब बढ़ जाएगा। सामान्य दिनों में भी यह मार्ग संकरा रहता है, जबकि अब हजारों अतिरिक्त वाहनों के गुजरने से यातायात का दबाव कई गुना बढ़ने से जाम लगने की संभावना है।