बुलंदशहर। बुखार का प्रकोप बढ़ने के साथ मौत के आंकड़े भी बढ़ने लगे हैं। बृहस्पतिवार को बुखार पीड़ित एक 11 साल की बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजन निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे थे लेकिन बच्ची की हालत गंभीर होने पर बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालय की इमरजेंसी पहुंचे।
नगर के इस्लामाबाद निवासी फुरकान की 11 वर्षीय बेटी पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। बृहस्पतिवार को अलफिया की हालत अधिक बिगड़ने पर पिता फुरकान उसे लेकर मेडिकल कॉलेज के नए चिकित्सालय भवन की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची को परिजन बेहोशी की अवस्था में लेकर आए थे। उसका इलाज तत्काल शुरू कर दिया।
इमरजेंसी से वार्ड में भेजने के समय बच्ची ने दम तोड़ दिया। पिता फुरकान ने बताया कि बेटी को बुखार होने पर एक चिकित्सक से इलाज करवा रहे थे। बुखार उतर नहीं रहा था इसलिए उसे लेकर इमरजेंसी आए थे।
कोट
बुखार से मौत की जानकारी की जा रही है। मृतका के घर जांच को टीम भेजी जाएगी। - डॉ. रमित कुमार सिंह, जिला सर्विलांस अधिकारी