कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बुधवार रात से एनएच-24 पर भारी वाहनों का संचालन रोक दिया गया है। बुधवार रात से तीन दिन तक भारी वाहनों को वाया बुलंदशहर निकाला जाएगा जिससे अनूपशहर, सिकंदराबाद, गुलावठी और स्याना रूट पर ट्रैफिक प्रेशर बढ़ सकता है।
कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर हापुड़ के गढ़ और अमरोहा के गजरौला सर्किल के पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के बीच मंगलवार को ब्रजघाट में मीटिंग हुई। एसडीएम आरएन पांडेय ने बताया कि तीन दिन तक हाईवे पर भारी वाहन नहीं चलेंगे। । हाईवे किनारे व गंगा पुल के आसपास वाहन खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।
दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ जाने वाले वाहनों को गाजियाबाद के लाल कुआं से बुलंदशहर, नरौरा, डिबाई, बबराला, बहजोई, चंदौसी से होकर निकलेंगे। हापुड़ से मुरादाबाद की तरफ जाने वाले वाहन गुलावठी, बुलंदशहर, नरौरा, डिबाई, बबराला, बहजोई, चंदौसी होकर निकलेंगे। स्याना-बुलंदशहर से मेरठ-हापुड़ को जाने वाले वाहन स्याना से बीबीनगर, गुलावठी, हाफिजपुर, हापुड़, खरखौदा होकर निकलेंगे।
नरौरा में भीड़ बढ़ने पर ही रूट डायवर्जन
महाशिवरात्रि के मद्देनजर नरौरा के रामघाट में लगने वाले कांवड़ मेले में भीड़ बढ़ने पर रूट डायवर्ट किया जा सकता है। एसओ रामघाट बीके यादव ने बताया कि मेले के दौरान एलजीसी एवं पीएलजीसी नहर के संकरे पुलों पर बैरियर लगाकर श्रद्धालुओं को निकालने की व्यवस्था की जाएगी।
भीड़ बढ़ने पर रामघाट तिराहे पर बैरीकेटिंग कराकर इससे आगे रामघाट की ओर वाहनों के आने जाने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। साथ ही भीड़ के दबाव के अनुसार नरौरा से अतरौली अलीगढ़ जाने वाले ट्रैफिक को वाया डिबाई डायवर्ट कराया जाएगा। मेले के लिए 50 कांस्टेबल, 22 एसआई, तीन इंस्पेक्टर व दो फायर बिग्रेड तैनात की गई है।