शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान मौजूद सिविल बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के सदस्य। संवाद
बुलंदशहर। सिविल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शनिवार को बार सभागार में शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में बुलंदशहर के प्रशासनिक जज न्यायमूर्ति जेजे मुनीर ने वर्चुअली जुड़कर पदाधिकारियों व कार्यकारिणी को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस दौरान यशपाल सिंह राघव ने अध्यक्ष और कपिल मोहन ने महासचिव पद के लिए शपथ ली। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर सतीश माहुर ने, सहसचिव पद पर सौरभ शर्मा और विजयंत सोलंकी ने शपथ ली। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के पद पर मनोज मल्होत्रा, मिर्जा महमूद, शुभम सिंह, हरेंद्र कुमार और मोहम्मद शरीफ को भी शपथ दिलाई गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सभी अधिवक्ताओं को हमेशा साथ रहने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश मंजीत सिंह श्यौराण, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना अभिकरण डाॅ. मनु कालिया, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय विशंभर प्रसाद, अधिवक्ता देवेंद्र शर्मा, मनोज बेरी, ब्रूनो भूषण, गोपाल सिंह, अनिल कुमार, देवेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।