बुलंदशहर। नगर पालिका बोर्ड बैठक का आयोजन 29 जनवरी को किया जाएगा। 10 वार्डों में सफाई के ठेके के लिए चल रही आपसी खींचतान खत्म हो गई है। ऐसे में नगर पालिका अधिकारियों ने एजेंडा जारी कर दिया है। दोपहर दो बजे से आयोजित होने वाली बैठक में शहर में विकास कार्यों, अगले वित्त वर्ष के लिए बजट की स्वीकृति समेत कुल 66 प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
नगर पालिका बोर्ड बैठक का आयोजन करने के लिए करीब एक माह से जद्दोजहद चल रही थी। बताया जा रहा है कि नगर पालिका क्षेत्र के 10 वार्डों में सफाई के लिए जारी किए जाने वाले ठेके को लेकर आपसी सहमति नहीं बन पा रही थी।
चर्चा है कि सभासदों के साथ बैठकर खींचतान को खत्म करने का प्रयास भी किया गया लेकिन पूरी तरह से सहमति नहीं बनी है। इसके चलते बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज की जा सकती है। हालांकि नगर पालिका अधिकारियों ने बुधवार को एजेंडा जारी कर दिया।
इस दौरान 15वें वित्त आयोग से मिली छह करोड़ की धनराशि के टेंडर को स्वीकृति, विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल लाइन बिछाने समेत कुल 66 प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी डाॅ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि विभिन्न प्रस्ताव तैयार करते हुए एजेंडा जारी किया गया है। 29 जनवरी को बोर्ड बैठक में स्वीकृति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।