बुलंदशहर। बदलते मौसम में जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों बुखार से पीड़ित मरीजों की भीड़ लगी रहती है। प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज उपचार कराने के लिए पहुंच रहे हैं। बुधवार को आधे दिन की ओपीडी में 136 मरीजों ने चिकित्सकों से परामर्श लिया। चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श देने के साथ जरूरी जांच करवाने एवं दवा का सेवन करने को कहा।
इन दिनों नजला-जुकाम दो दिन में ठीक न होने पर अधिकांश को बुखार अपनी चपेट में ले लेता है। ऐसे में संबंधित चिकित्सकों के पास उपचार कराने के लिए पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. परवेंद्र सिंह ने बताया कि बैक्टीरियल इंफेक्शन के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। इससे बचाव के लिए अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करनी होगी। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता होने पर संबंधित बीमारी की चपेट में आ जाते हैं। खाने-पीने के दौरान साफ-सफाई का ध्यान रखें। कहा कि यदि किसी को बुखार, खांसी या जुकाम आदि है तो संबंधित पंजीकृत चिकित्सक से ही इलाज कराएं।
Iअन्य दिनों की अपेक्षा बुधवार को अवकाश के चलते ओपीडी में मरीजों की संख्या कम रही। अधिकांश मरीज बुखार के अलावा सर्दी, जुकाम एवं खांसी के रहे। सभी को दवा एवं परामर्श दिया गया। - डॉ. प्रदीप राणा, प्रभारी सीएमएस जिला अस्पतालI