जिला चिकित्सालय के दवा काउंटर पर खड़े मरीज। संवाद
बुलंंदशहर। मौसम में बदलाव के कारण जिला चिकित्सालय में बुखार समेत अन्य बीमारियों के मरीजों की भीड़ लगी है। मंगलवार को ओपीडी में बुखार से पीड़ित 100 से अधिक मरीज परामर्श लेने पहुंचे। साथ ही इमरजेंसी में भी बुखार के छह मरीज पहुंचे। इनमें से तीन को भर्ती किया गया है।
नगर के कालाआम चौराहा निवासी मनोज मित्तल के 18 वर्षीय पुत्र लिव्यांश को बुखार होने पर परिजन जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। लिव्यांश ने बताया कि दो दिन से बुखार है। दवा से भी बुखार नहीं उतरा। स्याना क्षेत्र के गांव वैर निवासी प्रियांश की 21 वर्षीय पुत्री वर्षा को बुखार होने पर परिजन जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। प्रियांश ने बताया कि पुत्री को बुखार होने पर क्षेत्र में भी दिखाया गया लेकिन कोई राहत नहीं मिली। सबदलपुर निवासी खालिद के 16 वर्षीय पुत्र हमीद को बुखार होने पर मंगलवार दोपहर परिजन जिला चिकित्सालय पहुंचे। इमरजेंसी के चिकित्सकों ने किशोर की हालत गंभीर देख किशोर को वार्ड में भर्ती करवा दिया।
ओपीडी में फिजिशियन एवं चिकित्सा अधिकारी के पास 100 से अधिक मरीज परामर्श लेने पहुंचे। फिजिशियन एवं चिकित्सा अधिकारी ने मरीजों को परामर्श देने के साथ लक्षण के आधार पर ब्लड जांच कराने की सलाह दी।