‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ड्रामेबाज हैं। कभी ताली बजाकर भाषण देते हैं तो कभी छाती पीटकर। कभी लोगों को धमकाते हैं तो कभी रोने लगते हैं। ’ यह बात बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मंगलवार को रिफाह-ए-आम इंटर कॉलेज में हुए भाईचारा कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि लोक सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अच्छे दिन आने का वादा किया था।
कहा था देश में बेरोजगारी, गरीबी दूर करेंगे। लेकिन पिछले ढाई साल की सरकार में अपने बीस प्रतिशत वादे भी पूरे नहीं किए। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा ने घर वापसी, लव जिहाद, गोहत्या, गोरक्षा आदि मुद्दे उठाकर अभियान चलाया। जब सब मुद्दे फेल हो गए तो नोट बंदी का मुद्दा उठा कर गरीबों को लाइन में खड़ा कर दिया। नोट बंदी के कारण कई शादियां खतरे में पड़ गईं।
उन्होंने कहा कि देश को लाइन में लगाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जापान चले गए। कालाधन वाले, भ्रष्टाचारी आराम कर रहे हैं और गरीब सुबह से शाम तक रुपये निकालने के लिए लाइन में लग रहे हैं।
राष्ट्रीय महासचिव ने मुस्लिम और दलितों को रिझाने के लिए कहा कि मध्य प्रदेश में बकरी का गोश्त ले जाती महिला पर गाय का मांस ले जाने का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट हुई, उसके कपड़े फाड़ दिए गए। वहीं भाजपा की सरकार वाले गुजरात में दलित युवकों को नंगे पेड़ में बांध कर भाजपा के लोग पीटते रहे।
भाईचारा कार्यकर्ता सम्मेलन में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सपा और कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में घोटाले ही घोटाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार मुसलिमों की हितैषी बनती है लेकिन उसने उनके लिए कुछ नहीं किया। प्रदेश में दंगा, लूट आदि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम में विधान सभा प्रभारी खुर्जा अर्जुन सिंह ईलना, बसपा नेता हाजी सबील, बहुजन समाज पश्चिमी उत्तरप्रदेश के प्रभारी अतर सिंह राव , प्रदीप भारती, संतराम जाटव, ब्रजेश बालका, सुनील भारती, मुकुल उपाध्याय शिकारपुर प्रत्याशी, हाजी अलीम सदर विधायक, दिलनवाज खान स्याना विधायक, इमरान अंसारी विधायक प्रत्याशी सिंकदराबाद, अनूपशहर विधायक गजेंद्र चौधरी, युनूस खान, सगीर अंसारी आदि रहे।
सिकंदराबाद में बसपा प्रत्याशी हाजी इमरान ने सैकड़ो समर्थकों के साथ नगर के दनकौर तिराहे पर नसीमुद्दी सिद्दीकी का फूल मलाओं के साथ स्वागत किया। इस मौके पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की लहर है। और जनता बसपा में विश्वास जता रही हैं। आने वाले समय में बसपा की सरकार बनेगी।