बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में चांदपुर रोड के पास रेलवे लाइन पर सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति किसी ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
सोमवार सुबह चांदपुर रोड से गुजर रही रेलवे लाइन के पास से गुजर रहे लोगों ने एक क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। मृतक की पहचान सूर्य नगर निवासी राजकुमार (45) के रूप में हुई। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि राजकुमार घर से कब और क्यों निकले। पुलिस का मानना है कि राजकुमार देर रात या सुबह किसी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।