सिकंदराबाद क्षेत्र में गुलावठी मार्ग स्थित गांव मंडावरा के समीप सड़क से उतरी बस। संवाद
सिकंदराबाद। गुलावठी मार्ग पर गांव मंडावरा के पास सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के चक्कर में यात्रियों से भरी एक निजी मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं।
इससे उसमें सवार एक दर्जन से अधिक यात्री बाल-बाल बच गए। सोमवार दोपहर मिनी बस गेसूपुर से कासना जा रही थी। मंडावरा के पास कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा और बस खाई में धंस गई। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बाद में पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस को बाहर निकलवाया, जिसके बाद यात्री गंतव्य के लिए रवाना हुए। सीओ प्रखर पांडेय ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।