साढ़े 11 लाख क्विंटल चीनी बेच किसानों का कर्ज चुकाएंगी मिलें
बुलंदशहर। जनपद की चार चीनी मिलों में इस समय 11.53 लाख क्विंटल से अधिक चीनी का स्टाक मौजूद है। मिल प्रबंधन चीनी बेचने की तैयारी कर रहे हैं। चीनी बेचकर मिल किसानों का बकाया गन्ना भुगतान करेंगी।
जनपद में अनूपशहर, साबितगढ़, वेव और अनामिका सहित चार चीनी मिल हैं। इन मिलों की ओर से गत वर्ष पेराई सत्र में लगभग 650 करोड़ से अधिक का गन्ना खरीदा था। इसमें से अब चीनी मिलों पर किसानों का 138 करोड़ रुपये ही बकाया गन्ना भुगतान शेष रह गया है। अब नया पेराई सत्र नजदीक आने के साथ ही शासन और गन्ना विभाग की ओर से चीनी मिलों से किसानों का बकाया गन्ना भुगतान करवाने के लिए भी आदेश जारी किए जा रहे हैं। कम भुगतान करने वाली चीनी मिलों को नोटिस जारी कर दी गई है। चीनी मिल प्रबंधकों का कहना है कि जल्द से जल्द किसानों के बकाया गन्ना भुगतान कर दिया जाएगा। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर विभागीय अफसरों के अनुसार यदि चीनी मिल समय पर किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं करते हैं तो शासन के आदेश पर चीनी जब्त कर उसे बेचकर किसानों का भुगतान करवाने का प्रावधान है। यह कार्रवाई तभी की जाती है जब चीनी मिल बकाया गन्ना भुगतान करने में देरी करती हैं या फिर आनाकानी करती है। अभी इस तरह के आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं। गत वर्ष इस तरह की कार्रवाई वेव शुगर मिल में की गई थी।
300 करोड़ से अधिक की आंकी जा रही है चीनी
जनपद की चीनी मिलों में इस समय 11 लाख 53 हजार 203 क्विंटल चीनी का स्टॉक है। चीनी की कीमत 3100 से लेकर 3300 रुपये प्रति क्विंटल तक होती है। यह भाव बाजार भाव के अनुसार ही तय होता है। इस तरह से चीनी मिलों में 300 करोड़ से अधिक की चीनी है। बताया गया कि मिलों को चीनी बेचने के लिए प्रत्येक माह कोटा निर्धारित किया जाता है। इसी के आधार पर मिल चीनी बेच सकती हैं। इसके लिए गन्ना विभाग की ओर से भी परमिशन लेनी होती है। बताया यह भी जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से चीनी की डिमांड कम होने के कारण मिल चीनी नहीं बेच पा रही है। इसका कारण कोरोना काल को भी माना जा रहा है। मिल प्रबंधन का कहना है कि यदि चीनी की डिमांड बढ़ती तो अब तक चीनी बेच कर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को कर दिया जाता।
इस तरह हैं मिलों में चीनी का स्टाक
साबितगढ़ चीनी मिल में 3,82,288 क्विंटल, अनामिका में 3,61,788 क्विंटल, अनूपशहर में 3,58,918 क्विंटल और वेव शुगर मिल के गोदाम में इस समय 50,209 क्विंटल चीनी का स्टॉक मौजूद है।
शुगर मिलें चीनी बेचती है और स्टाक बचता है तो उसकी जानकारी विभाग में दर्ज की जाती है। बिना कोटा और विभाग की परमिशन के मिल चीनी नहीं बेच सकता। मिल प्रबंधनों का कहना है कि वह चीनी बेचकर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान जल्द से जल्द कर देंगे।
- डीके सैनी, जिला गन्ना अधिकारी।