सोते समय मजदूर की धारदार हथियार से वार कर हत्या
शिकारपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर मानपुर में मकान के बाहर सो रहे 50 वर्षीय मजदूर हरिप्रसाद की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसकी जानकारी परिजनों को सुबह उठने के बाद हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने दो लोगों पर संदेह जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर मानपुर निवासी 50 वर्षीय हरिप्रसाद पुत्र स्व. बलजीत अपने भाई बनवारी के साथ ईंट भट्टे पर ईंट पाथने का काम करता था। जिससे उसका व परिवार का भरण पोषण होता था। बताया गया कि बृहस्पतिवार को पूरा परिवार घर पर ही मौजूद था। देर शाम को हरिप्रसाद खाना खाकर घर के बाहर ही चारपाई डालकर सो गया था। उसके भाई बनवारी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह जब वह सोकर उठा और बाहर जाकर देखा तो उसका भाई लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके सिर पर किसी धारदार हथियार से चोट के निशान थे। मामले की जानकारी होते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के भाई ने गांव निवासी दो लोगों पर संदेह व्यक्त किया है। साथ ही मामले का जल्द से जल्द राजफाश करने की मांग की है।
मृतक की नहीं थी कोई दुश्मनी
पुलिस का कहना है कि मृतक की गांव में कोई दुश्मनी नहीं थी। मृतक का भाई आपराधिक प्रवृत्ति का जरूर है। वहीं मृतक के भाई और वादी बनवारी ने भी स्वीकार किया कि मृतक की गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं थी। ऐसे में प्रश्न उठता है कि फिर हरिप्रसाद की हत्या के पीछे क्या कारण हो सकता है। सीओ गोपाल सिंह ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में मृतक के भाई बनवारी ने गांव के ही दो लोगों पर संदेह व्यक्त करते हुये रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- सुभाष सिंह, शिकारपुर कोतवाली प्रभारी