बुलंदशहर। राधा नगर निवासी मानसिक रूप से बीमार युवती से साइबर ठगों ने इलाज के लिए पूजा-पाठ करवाने के नाम पर 1.23 लाख रुपये ठग लिए। युवती ने घर में रखे रुपये लेकर विभिन्न साइबर कैफे से आरोपियों को रकम भेजी। जानकारी होने पर पिता ने एसएसपी से शिकायत की। मामले में साइबर थाना पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राधा नगर निवासी राकेश खन्ना ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया। बताया कि वह मोहल्ले में ही परचून की दुकान करते हैं। उनकी 28 वर्षीय पुत्री मानसिक बीमारी से जूझ रही है। उन्होंने दुकान के सामान के लिए करीब ढाई लाख रुपये घर में रखे हुए थे। 15 फरवरी को उनकी पुत्री के मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। आरोपी ने उनकी पुत्री को कहा कि वह उनके इलाज के लिए व सभी परेशानियां दूर करने के लिए पूजा-पाठ कर रहे हैं।
इसके बदले में आरोपी ने पहले अपने यूपीआई पर 1100 रुपये डलवाने को कहा। इसके बाद आरोपी ने इसी तरह उनकी पुत्री से 1,23,900 रुपये अपने अलग-अलग यूपीआई अकाउंट में डलवा लिए। पुत्री ने यह रकम घर में रखे ढाई लाख रुपये में से निकालकर विभिन्न साइबर कैफे संचालकों के माध्यम से डलवाई। पीड़ित ने जब दुकान के सामान के लिए रुपये निकाले तो उन्हें जानकारी हुई।
आरोपियों ने बाद में भी उनकी पुत्री से रकम की मांग की और न देने पर गलत पूजा-पाठ कर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि साइबर टीम मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।