जहांगीराबाद के डूंगरा जाट गांव में महिला की मौत के बाद जांच पड़ताल करती पुलिस ।
जहांगीराबाद। गांव डूंगरा जाट में नवविवाहिता की संदिग्ध दशा में मौत का मामला सामने आया है। बुधवार की सुबह विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। वहीं, मायके वालों ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
हाथरस जिले के गांव मथुरापुर निवासी भावना (23) की शादी आठ माह पूर्व डूंगराजाट निवासी साहिल से हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर भावना अपने मायके चली गई थी। दो दिन पूर्व ही भावना का भाई उसे वापस ससुराल छोड़कर गया था। बुधवार की सुबह सात बजे भावना का शव फंदे से लटका मिला। घर पर पति सहित सभी ससुराल वाले भी नहीं थे। ग्रामीणों की सूचना पर घटनास्थल पर सीओ अनूपशहर गिरिजाशंकर त्रिपाठी जहांगीराबाद पुलिस के साथ पहुंचे और शव काे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। वहीं, भावना के परिजनों ने उसके पति व अन्य ससुरालवालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण पता चल सकेगा।