खुर्जा। कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में बॉक्सिंग खिलाड़ी के घर से चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसको घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों के पास से एक कार, एक तमंचा, एक सोने की चेन, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी पायल व 5200 रुपये बरामद किए गए।
सीओ खुर्जा पूर्णिमा सिंह ने बताया कि 23 सितंबर को किला मेवई गांव निवासी सपना ने तहरीर देकर चोरी में मुकदमा दर्ज कराया था। सपना देवी की बेटी रेखा बॉक्सिंग खिलाड़ी है। इसके अलावा 30 सितंबर को एक बस सवार युवक के बैग से नकदी व गहने चोरी हो गए थे। इन घटनाओं को लेकर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी।
इसी के चलते शनिवार रात को मुंडाखेड़ा नहर के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। तभी एक कार आई जिसको रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख कार सवार बदमाश वापस भागने लगे। पुलिस से घिरता देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश वहीं गिर गया और दूसरे बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया।
बदमाश की पहचान सोनू सक्सेना और अंकित निवासी ताहिरपुर शाहदरा, दिल्ली के रूप में हुई। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि खुर्जा क्षेत्र में 16 सितंबर को किला मेवई गांव में उन्होंने ही चोरी की थी। आरोपी सोनू पर पहले आठ और अंकित पर पांच मुकदमें दर्ज हैं। संवाद