हापुड़ रोड पर काजमपुर देवली गांव के पास डीएम के आदेश पर छह महकमों की संयुक्त टीम ने सिंह फैक्ट्री को सील कर दिया है। फैक्ट्री में बिना लाइसेंस प्रतिबंधित ई-रिक्शों का निर्माण चल रहा था। फैक्ट्री में परी ब्रांड के ई-रिक्शे बनाए जा रहे थे।
दो दिन पूर्व ई-रिक्शा की टक्कर से आरव (4) निवासी साठा की दर्दनाक मौत हो गई थी। खास बात यह है कि ई-रिक्शे का स्टेयरिंग किशोर के हाथ में था। हादसे को गंभीर मानते हुए डीएम ने एआरटीओ को ई-रिक्शों की धरपकड़ के संबंध में अभियान चलाने का आदेश दिया था।
डीएम के आदेशानुसार मंगलवार को एआरटीओ प्रवर्तन, सहायक श्रम आयुक्त, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वाणिज्य कर विभाग समेत छह विभागों के अफसर डीएम रोड स्थित ई-रिक्शा विक्रेता की दुकान पर पहुंचे। दुकान पर ई-रिक्शों की बिक्री की जा रही थी। मैनुफैक्चरिंग का काम नहीं हो रहा था। मैनुफैक्चरिंग नहीं मिलने पर टीम को मायूस लौटना पड़ा।
बाद में टीम हापुड़ रोड पर पहुंची और सिंह फैक्ट्री नाम से चल रही कंपनी में छापा मारा। फैक्ट्री परिसर में ई-रिक्शों की मैनुफैक्चरिंग की जा रही थी। एनओसी और लाइसेंस मांगने पर फैक्ट्री प्रबंधन सहायक निदेशक कारखाना को लाइसेंस नहीं दिखा सका। प्रदूषण की एनओसी में भी वायलेंस मिला। एआरटीओ से कोई स्वीकृति नहीं थी।
वाणिज्य कर के भी त्रुटिपूर्ण कागजात दिखाए गए। श्रम विभाग में पंजीकरण नहीं था। अअफसरों ने सिंह फैक्ट्री को सील कर दिया। सहायक श्रम आयुक्त बीवी भट्ट ने बताया कि रिपोर्ट डीएम को सौंपनी जाएगी।