महाशिवरात्रि पर जल लेकर आने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए एनएच-24 पर अगले दो दिन तक भारी वाहनों आवागमन बंद रहेगा। इन वाहनों को विभिन्न मार्गों डायवर्ट कर गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बुलंदशहर के लिए निकाला जाएगा।
डायवर्जन पांच मार्च की शाम से लागू होगा। डायवर्जन में इस बार कुछ नए रूट भी शामिल किए गए हैं। ब्रजघाट से गंगा जल लेकर जाने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन ने हाईवे, गंगा घाटों और शिव मंदिरों में सुरक्षा कड़ी कर दी है।
प्रशासन ने नेशनल हाईवे का रूट डायवर्ट करने की रणनीति तैयार की है। डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि पांच मार्च की शाम से सात मार्च की दोपहर तक हाईवे पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया जाएगा।
कांवड़ियों के भेष में तैनात रहेंगी पुलिस
गंगा जल लेकर आने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए उनके बीच कांवड़ियों के भेष में पुलिस भी तैनात रहेंगी। पुलिसकर्मी भगवा वस्त्र पहनकर संपर्क मार्गों पर ड्यूटी देंगे।
हाईवे समेत स्याना और मेरठ रोड पर मोबाइल गाड़ियां तैनात रहेंगी। डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि तेज तर्रार एक दर्जन से भी अधिक पुलिसकर्मी कांवड़ियों के आवागमन से जुड़े संपर्क रास्तों पर मोर्चा संभालेंगे।
गढ़ के नक्का कुआं और कल्याणपुर मंदिरों पर दो-दो एसआई, आठ कांस्टेबल, चार महिला कांस्टेबल, डेढ़ सेक्शन पीएसी, 10 होमगार्ड तैनात रहेंगे।
क्या होगी रूट डावर्जन की रूपरेखा
मुरादाबाद से दिल्ली : मुरादाबाद के कांठ से धामपुर, नगीना, कोतवाली, बिजनौर, बैराज, मीरापुर, मवाना, मेरठ से मोदीनगर होकर गाजियाबाद और दिल्ली वाहन जाएंगे।
दिल्ली से मुरादाबाद : गाजियाबाद के लाल कुआं से बुलंदशहर, नरौरा, डिबाई, बबराला, बहजोई, चंदौसी से होकर वाहन निकलेंगे।
मुरादाबाद से मेरठ : अमरोहा के अतरासी रोड से अमरोहा, नौगांवा सादात और नूरपुर होकर वाहन निकलेंगे।
हापुड़ से मुरादाबाद : गुलावठी, बुलंदशहर, नरौरा, डिबाई, बबराला, बहजोई, चंदौसी होकर वाहन निकलेंगे।
चांदपुर से दिल्ली : बिजनौर, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होकर वाहन निकलेंगे।
गजरौला चौपला से दिल्ली : हल्दौर, बिजनौर, बैराज, मीरापुर, मवाना, मेरठ, मोदीनगर, गाजियाबाद होकर वाहन निकलेंगे।
बुलंदशहर से मेरठ-हापुड़ : स्याना से बीबीनगर, गुलावठी, हाफिजपुर, हापुड़, खरखौदा होकर वाहन निकलेंगे।
गढ़ से रामपुर : स्याना, बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, बहजोई, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद से होकर वाहन निकलेंगे।
हापुड़ से मुरादाबाद : वाहन बुलंदशहर, नरौरा होकर आगे जाएंगे।
नोट : एनएच-24 के स्याना फ्लाई ओवर से कोई भी वाहन गढ़ की ओर नहीं आएगा।
बोल बम के जयघोष से गूंजा नगर
महाशिवरात्रि पर भगवान शिव के रुद्राभिषेक के लिए भक्तों का हरिद्वार जाने का सिलसिला जारी है। रोडवेज अड्डे से बृहस्पतिवार को 60 बसें हरिद्वार के लिए रवाना हुईं।
कांवड़िए अन्य वाहनों से भी जल लेने के लिए हरिद्वार जा रहे हैं। बता दें कि महाशिवरात्रि सात मार्च को है। इस दिन मंदिरों में हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले शिव भक्त शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे।
इसके लिए मंदिरों की साज सज्जा की जा रही है। मेले लगाने के लिए दुकानदारों को जगह अलाट कर दी गई है। साथ ही वहां लाइट आदि की व्यवस्था की जा रही है।
हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्त बुलंदशहर के रास्ते दूसरे जिलों के अलावा राजस्थान और मध्यप्रदेश के लिए भी जाते हैं।
शिवभक्तों की सेवा और उनके जलपान आदि के लिए जगह-जगह भंडारे लगाए जाते हैं। भंडारे लगाने वालों ने जगह तय कर ली है। जल्द ही शिवभक्त कांवड़ लेकर लौटने लगेंगे।
हरिद्वार जाएंगी 30 बसें
महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए गंगा जल लाने जाने वाले कांवड़ियों के लिए रोडवेज ने 30 बसें लगाई हैं। कांवड़िया जत्थों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा डिपो में 10 बसें रिजर्व रखी गई हैं। ताकि जरूरत पढ़ने पर उन्हें हरिद्वार भेजा जा सके। एआरएम योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बुधवार को 18 बसें हरिद्वार के लिए रवाना की गई हैं। मंगलवार को 25 बसों में कांवड़ियों हरिद्वार भेजे गए। 30 बसें हरिद्वार स्पेशल चल रही हैं।