मतदाता और स्वच्छता के लिए जागरूकता पैदा करने के लिए सोमवार को शहर में मानव श्रृंखला बनाई गई। डीएम ने कबूतर उड़ाकर इसका आगाज किया। इस दौरान डीएम ने हरी झंडी दिखा स्वच्छता रथ को भी रवाना किया। मानव श्रृंखला काला आम चौराहे को घेरते हुए डीएम रोड, कचहरी रोड, दिल्ली रोड, मोतीबाग रोड, सिविल लाइन रोड और पुलिस लाइन रोड तक पहुंची।
डीएम ने स्टूडेंट्स, आमजन और अफसरों को शपथ भी दिलवाई और जगह जगह मानव श्रृंखला का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि जो युवा इस साल 18 साल के हो गए हैं वह अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करवा लें। जिनका नाम दो दो विधानसभा क्षेत्रों की सूची में है वह अपना नाम एक सूची से कटवा लें। नाम में त्रुटि हो तो त्रुटि दूर करवा लें।
इसके लिए जगह-जगह बीएलओ की तैनाती की गई हैं। वहीं, कार्यक्रम के दौरान थोड़ी अव्यवस्था भी देखने को मिली। रोड पर मानव श्रृंखला बनाते समय वाहनों के संचालन पर ध्यान नहीं दिया गया। कार और अन्य वाहनों की कतार भी लगी रही। अफसरों ने भी इसे चूक माना है।
इस दौरान डीएम आंजनेय कुमार सिंह, सीडीओ जसजीत कौर, एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र, एडीएम वित्त बृजेश कुमार, एसडीएम खुर्जा राहुल यादव, सिटी मजिस्ट्रेट, परियोजना अधिकारी और खालसा मानटेंसरी समेत कई स्कूलों के स्टूडेंट्स मौजूद रहे।
वहीं, एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि मानव श्रृंखला बनाने के लिए बेहद कम समय मिला। शॉर्ट नोटिस पर बेहतर कार्यक्रम हुआ है।