अनूपशहर में सड़क निर्माण का निरीक्षण करते पालिकाध्यक्ष ब्रजेश गोयल। संवाद
अनूपशहर। कस्बे के मोहल्ला मदार गेट के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से टूटी और जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों की मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। नगर पालिका परिषद ने 38 लाख रुपये की लागत से 280 मीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत करा दी है। सड़क का निर्माण आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) तकनीक से किया जा रहा है, जिससे यह पहले की तुलना में अधिक मजबूत और टिकाऊ होगी। होली से पहले कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
यह सड़क स्वामी दीनदयाल मंदिर से बबस्टर गंज चौराहे तक बनाई जा रही है। पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने बताया कि क्षेत्र के लोग काफी समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। नगर पालिका ने इसे प्राथमिकता देते हुए बजट स्वीकृत किया और निर्माण कार्य शुरू कराया। उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों ओर नालियां भी बनाई जा रही हैं एवं सड़क के सहारे आने वाले पेड़ों के चबूतरे बनवाकर उनका सुंदरीकरण भी कराया जा रहा है।
यह मार्ग शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है। इस रास्ते से नगर पालिका परिषद कार्यालय, रजिस्ट्री ऑफिस,पशु चिकित्सालय, एसडीएम आवास और तहसील तक पहुंचा जाता है। साथ ही ऐतिहासिक सातवीं पातशाही गुरुद्वारा हरि राय साहब और स्वामी दीनदयाल मंदिर व अनूपेश्वर महादेव मंदिर शिव शक्ति आश्रम जाने वाले श्रद्धालु भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।