प्रेमिका की शादी से नौ दिन पहले परिजनों को जहरीला पदार्थ पिलाकर प्रेमी युगल रफूचक्कर हो गया। आरोप है कि युवती अपने साथ 50 हजार की नगदी और 8 तोले सोना भी लेकर गई है।
गंभीर हालत में युवती के परिजनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती के भाई ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के साठा गांव की है। आरोपी प्रेमी दूसरे समुदाय से ताल्लुक रखता है।
साठा निवासी पीयूष अग्रवाल पुत्र राजेश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन पलक (21) की 29 जनवरी को जहांगीराबाद निवासी युवक से शादी होनी थी। पलक बुलंदशहर के कॉलेज से बीबीए कर रही थी।
बुधवार शाम वह खाना खाकर सो गया। बृहस्पतिवार सुबह करीब 6 बजे नींद खुली तो देखा कि माता-पिता और मौसी लीना गर्ग बेहोश पड़ीं हैं। मौसी का लड़का शुभ गर्ग (10) ने बताया कि पलक को एक युवक बहला-फुसलाकर ले जा रहा है।
घर से निकला तो देखा कि आदिलनगर निवासी युवक मेहताब पलक को लेकर जा रहा था। पीयूष ने फौरन इसकी जानकारी अपने मामा को दी। मामा ने पड़ोसियों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक पलक के अलावा घर में रखे 50 हजार रुपये और 8 तोले सोने के जेवरात ले गया है। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मेहताब के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।