3758 मुकदमों का निस्तारण, 6.64 लाख वसूला अर्थदंड
बुलंदशहर। दीवानी न्यायालय परिसर जनपद, वाह्य न्यायालय खुर्जा, अनूपशहर व सभी तहसीलों में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान सुलह समझौतों के आधार पर कुल 3758 वादों का निस्तारण किया गया। जिनमें करीब 6.64 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला न्यायालय परिसर में जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष डा. अजय कृष्ण विश्वेश ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर किया। कुल 3758 वादों में आपराधिक मामले के 1394 वादों में 6,64,240 रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया।
इन वादों का हुआ निस्तारण :
30 मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों का निस्तारण, 1,31,29,980 रुपये का मुआवजा पीड़ित पक्षों को दिलाया गया।
- 27 वाद वैवाहिक व 13 गुजारा भत्ता वाद में 6,29,000 रुपये की धनराशि पीड़ितों को दिलाई गई।
- 129 सिविल वादों को 30,35,811 रुपये में निस्तारित किए गए।
- 31 बिजली चोरी के मामलों में 93,500 रुपये अर्थदंड वसूल किया गया।
- पीएलए के द्वारा 4 वाद निस्तारित किए गए और 301 राजस्व वाद में 5,08,595 रुपये की धनराशि से निस्तारित किए गए। इसके अलावा प्रशासन द्वारा 1385 वाद 2,70,000 रुपये के निस्तारित किए गए।
- 444 बैंक प्रीलिटिगेशन विवादों में लोन की धनराशि 8,63,47,563 थी, जिसे 5,21,38,915 की धनराशि पर समझौता कराकर नकद 1,16,50,026 रुपये जमा कराए गए।
लोक अदालत से पूर्व हुआ सैनिटाइजेशन
शनिवार को लोक अदालत लगने से पूर्व सभी स्थानों पर कोरोना संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन करते हुए सैेनिटाइजेशन कराया गया। इस दौरान कोविड नियमों का पालन करते हुए सभी मामले निस्तारित किए गए।
अब 11 सितंबर को होगी लोक अदालत
लोक अदालत के अंत में जनपद न्यायाधीश डा. अजय कृष्ण विश्वेश ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सभी न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, बीमा कंपनी व बैंक के अधिकारी, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादकारियों को धन्यवाद कहा। उन्होंने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 11 सितंबर को किया जाएगा।