संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। बैंक में खाता खोलने के नाम पर दस्तावेज लेकर फर्जी तरीके से पांच लाख 18 हजार रुपये ऋण ले लिया गया। किस्त जमा नहीं हुई तो बैंक कर्मचारियों के फोन करने पर घटना का खुलासा हुआ। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चोला क्षेत्र के गांव बड़ौदा निवासी सतीश ने बताया कि उनकी ससुराल भूड़ क्षेत्र के एक मोहल्ले में है। ससुरालीजनों के पड़ोस में रहने वाले राजन ने उनसे एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाने की बात कहकर आधार कार्ड, फोटो, पैन कार्ड की फोटो कॉपी लेकर हस्ताक्षर करा लिए थे। कुछ समय बाद बैंक की ओर से चेक बुक भी उनके पते पर भेजी गई तो उनको खाता खोलने की जानकारी हुई लेकिन, कहने के बाद भी बैंक की ओर से एटीएम कार्ड नहीं भेजा गया। पीड़ित का आरोप है कि पिछले दिनों उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए ऋण की किस्त जमा न होने की बात कही। जब उन्होंने ऋण न लेने की बात कही तो बताया कि उनके नाम पर 5.18 लाख रुपये का ऋण लिया गया था, जिसमें एक भी किश्त जमा नहीं की गई है।
उन्होंने जब जानकारी के लिए आरोपी राजन से वार्ता की तो उसने ऋण लेने की बात स्वीकार कर समय पर किस्त जमा करने की बात कही और छह हजार रुपये किस्त जमा करने के लिए दिए। एक किस्त के बाद आरोपी ने कोई धनराशि बैंक में जमा नहीं की। जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। सीओ सिटी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आगे की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।