संवाद न्यूज एजेंसी
डिबाई। मोहल्ला चौधरी खेल में बिजली चेकिंग के दौरान मीटर उतारने गई ऊर्जा निगम की टीम की लोगों ने पिटाई कर दी। जेई की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस को शिकायत देकर जेई संजय कुमार ने बताया कि वह एसडीओ पुष्पदेव, संविदाकर्मी प्रदीप कुमार, सर्वेश कुमार, दिनेश कुमार व विनोद कुमार के साथ मोहल्ला चौधरी खेल में राजस्व जमा कराने के लिए कार्रवाई की जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में डॉ.अब्लुद माजिद के क्लीनिक पर एसी चल रहा था लेकिन, मीटर में डिमांड नहीं आ रही थी। बिजली चोरी का शक होने पर मीटर की जांच के लिए टेस्टिंग टीम को मौके पर बुलाया। टेस्ट लैब के जेएमटी संदीप कुमार ने चेकिंग के बाद मीटर बदलने के लिए कहा।
आरोप है कि जब जेएमटी समेत अन्य कर्मचारियों ने मीटर उतारने का प्रयास किया तो मौके पर आरोपी शहजाद, वसर, फैजान समेत अन्य लोगों ने बिजली कर्मचारियों को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि संविदा कर्मचारियों से मोबाइल छीनकर तोड़ दिया गया। अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। एसपी देहात रोहित मिश्र ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद