पहासू। थाना क्षेत्र के तुर्कीपुराबास गांव में अज्ञात बीमारी से पालतू दुधारू पशुओं की मौत हो रही है, जिस बात को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। बीते 11 दिनों में चार पशु की मौत हो चुकी है।उन्होंने इस संबंध में पशु चिकित्सा अधिकारी से जांच व उपचार करने की मांग की।
तुर्कीपुरा बास गांव निवासी मुकुटलाल ने बताया कि उनकी भैंस करीब एक सप्ताह से तबीयत खराब थी। जो ठीक से चारा का सेवन नहीं कर रही थी और थककर जल्दी बैठ जाती थी। भैंस का तापमान भी ज्यादा था और दूध भी कम दे रही थी। इसके लिए निजी चिकित्सक से संपर्क किया, जिसने उपचार भी किया, लेकिन दो दिन पहले भैंस की मौत हो गई।
गांव निवासी अजुददी प्रसाद ने बताया कि गांव में कोई बीमारी फैल रही है, जिससे पालतू जानवरों की मौत हो रही है। बीमार पशुओ में लक्षण देखा जा रहा है कि पहले पशु को तीन से चार दिन तक बुखार रहता है। पशु चिकित्सकों के इलाज के दौरान ही उस पशु की मौत हो जाती है। ग्रामीण पंकज ने बताया कि मुरादाबाद तक के पशु चिकित्सकों के द्वारा भी इलाज करा चुके हैं, लेकिन पशुओं की मौत होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
अभी तक रोशनलाल सैनी, मुकुटलाल, कुंवरपाल, रितिक के एक-एक पशुओं की मौत हो चुकी है। इसके अलावा पंकज, नरेंद्र कुमार, नरेश, बनारसी दास, गोपी चंद्र आदि के पशुओं का इलाज चल रहा है। लगातार हो रही बीमारी से पशु पालक भी परेशान हैं और उनको आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है।
पशु चिकित्सा अधिकारी धीरेंद्र सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, अभी केवल मुकुटलाल की भैंस की मौत की जानकारी मिली है, जिसको बंधा लग गया था। इसके अलावा गांव में पहुंच कर जांच की जाएगी और बीमार पशुओं का उपचार किया जाएगा।