शटडाउन लेने के बाद भी जाड़ौल बिजलीघर के कर्मचारियों की लापरवाही से एचटी लाइन में करंट दौड़ गया, जिससे एक प्राइवेट लाइनमैन गंभीर रूप से झुलस गया। उसे निजी हास्पिटल में में भर्ती कराया गया है। घटना खानपुर क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार गांव औलीना निवासी दिनेश जाड़ौल बिजलीघर पर प्राइवेट लाइनमैन के रूप में कार्यरत है। रविवार दोपहर दिनेश बिजलीघर से शटडाउन लेकर पर्वाना-जाड़ौल हाईटेंशन लाइन पर काम कर रहा था।
इस दौरान बिजलीघर पर मौजूद लापरवाह कर्मचारियों ने लाइन चालू कर दी, जिससे तारों में करंट दौड़ गया और लाइनमैन गंभीर रूप से झुलस गया। खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण लाइनमैन को गांव लेकर आए और उसे औरंगाबाद के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से किसान झुलसा
गांव खेड़ा मोहम्दाबाद में भैंसा बुग्गी लेकर जा रहा किसान हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गया। जबकि करंट से भैंसे की मौत हो गई। किसान को बुलंदशहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया।
मुआवजा देने के आश्वासन के बाद ही मामला शांत हुआ। पुलिस ने बताया कि खेड़ा मोहम्दाबाद निवासी मूलचंद (22) सुबह सात बजे धान के खेतों में पानी लगाने के लिए डीजल इंजन ले जाने के लिए पड़ोसी की भैंसा बुग्गी ले गया था। रास्ते में हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।