संवाद न्यूज एजेंसी
औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर में शटडाउन लेकर हाईटेंशन लाइन में फाल्ट को ठीक करने गए संविदाकर्मी लाइनमैन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे फरीदाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित की पत्नी ने बीजलीघर पर तैनात एसएसओ के खिलाफ अगौता थाने में नामजद तहरीर दी है।
बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी दलवीर सिंह उर्फ डल्लू सैदपुर बिजलीघर पर संविदाकर्मी लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। बोंद्रा फिटर की लाइन में फाल्ट आने के चलते बिजलीघर पर तैनात एसएसओ अशोक कुमार से शटडाउन लेकर बृहस्पतिवार को फाल्ट ठीक करने गया था। आरोप है की फतेहपुर गांव में फाल्ट ठीक करने के दौरान बिजली के तारों में अचानक करंट उतर आया। करंट ने दलवीर सिंह को अपनी चपेट में ले लिया। दलवीर करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए और खंभे से नीचे गिर गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल फोनकर बिजलीघर पर दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दलवीर को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में दलवीर सिंह का का उपचार चल रहा है। पीड़ित की पत्नी नीरज ने एसएसओ के खिलाफ अगौता थाने में नामजद तहरीर दी है। थाना प्रभारी ने बताया की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।