जहांगीरपुर। थाना क्षेत्र के कपना गांव में धोखाधड़ी कर 20 लाख रुपये जमीन की रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। इसमें पीड़ित जमीन मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित ने मारपीट, धमकी व जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
कपना गांव निवासी अभिषेक ने बताया कि गांव में भूमि नंबर 966/6 रकवा 0.2530 हेक्टेयर जमीन जमीन उनके नाम थी। वर्ष 2024 में उनके पास हाफिजुपर निवासी राहुल, अभिलाष, कुलदीप और गुड्डू आए। उन्होंने उनकी जमीन खरीदने की बात रखी। पीड़ित ने 20 लाख रुपये में जमीन बेचने की बात कही। इस पर आरोपियों ने उनको बयाना के तौर पर एक लाख 60 हजार रुपये दे दिए।
आरोप है कि तीन अगस्त 2024 को बहकाकर जमीन की रजिस्ट्री करवा दी। रुपये मांगे तो कहा रजिस्ट्री कार्यालय से बाहर देंगे, गांव में देंगे और बाद में देंगे बोलकर बहकाते रहे। कुछ दिन बाद अचानक राहुल, अभिलाष, राजू, गुड्डू और कुलदीप उनकी जमीन पर आए। खंभे उखाड़कर फेंकने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित और उनकी मां के साथ गाली-गलौज की। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की।
सीओ खुर्जा पूर्णिमा सिंह का कहना है कि मामले में तहरीर देकर पांचों आरोपियों पर बलवा, मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम जांच कर रही है।