एसडीएम ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर झाझार में लाला के गोदाम से भारी मात्रा में सरकारी सस्ते गल्ले का राशन बरामद किया है। कार्रवाई के बाद देर रात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
एसडीएम अरुण कुमार यादव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि झाझर के एक आढ़ती ने भारी मात्रा में अवैध रूप से अपने गोदाम में सरकारी सस्ते गल्ले का राशन जमा कर रखा है।
एसडीएम ने बताया कि सूचना पर उन्होंने आपूर्ति निरीक्षक बुलंदशहर, एआरओ आलोक कुमार और ककोड़ पुलिस के साथ झाझर में योगेश के मकान में छापा मारकार 211 कट्टे गेहूं, 84 कट्टे चावल बरामद किए गए।
एसडीएम ने बताया बरामद गेहूं पर एफसीआई का मार्क है। उन्होंने बताया कि बरामद गेहूं, चावल सरकारी सस्ते गल्ले का है जो राशन डीलरों को वितरण के लिए दिया जाता है।
मौके से कोई गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से सरकारी सस्ते गल्ले का स्टॉक करने के मामले में योगेश, रामनिवास का नाम प्रकाश में आया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों के खिलाफ देर रात तक एफआईआर दर्ज कराई गई।