क्षेत्र के गांव कमालपुर भदौरा में चल रहे फ्रेट कॉरीडोर का काम ग्रामीण महिलाओं ने रुकवा दिया। महिलाओं ने कहा कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिलता वह काम शुरू नहीं होने देंगे। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और चौकी पुलिस ने किसी तरह अन्य ग्रामीणों की मदद से महिलाओं को समझा-बुझा कर शांत किया। हंगामे के चलते करीब 15 मिनट तक काम बाधित रहा।
कमालपुर भदौरा गांव के पास से रेलवे फ्रेट कॉरीडोर का काम चल रहा है। रविवार अपराह्न करीब 3 बजे गांव की महिलाएं पहुंच गईं और वहां मौजूद कर्मचारियों से काम रोकने को कहा। महिलाओं ने कहा कि जब तक शासन-प्रशासन उनकी अधिग्रहीत जमीनों का उचित मुआवजा नहीं दिलाता तब तक वह काम शुरू नहीं होने देंगे।
महिलाओं के गुस्से को देख कर्मचारियों ने काम रोककर अपने अधिकारियों को सूचित किया। अधिकारियों की सूचना के बाद एसडीएम सुभाष चंद्र यादव, चौकी प्रभारी विनीत कुमार आदि पहुंच गए। एसडीएम और गांव के गणमान्य लोगों ने महिलाओं को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। इसके बाद काम शुरू हुआ।