सिकंदराबाद। सड़क पार कर रहे मजदूर को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर की हायर सेंटर ले जाते समय मौत हो गई। वहीं, घायल बाइक सवार का उपचार चल रहा है। हादसा मंगलवार की रात नेशनल हाईवे-34 पर गांव चंदेरू फ्लाईओवर के पास हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदेरू निवासी रतन ने बताया कि उनका पुत्र राकेश (45) मंगलवार रात करीब 8ः30 बजे चंदेरू फ्लाईओवर के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार युवक भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने राकेश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। बताया कि राकेश मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। वहीं, बाइक सवार युवक की हालत भी गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार चल रहा है।
क्षेत्राधिकारी दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर से राकेश की मृत्यु हुई है। घायल बाइक सवार का पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।