करवाचौथ आज, सुहागिनें करेंगी पति की लंबी उम्र की कामना
बुलंदशहर। पति की लंबी उम्र के लिए बुधवार को सुहागिनें करवाचौथ का व्रत रखेंगी। सुहागिनों ने मंगलवार को सजना के लिए सजने की सभी तैयारी पूरी कर ली। उन्होंने श्रृंगार, कपड़े और पूजा का सामान खरीद लिया। मनपसंद मेहंदी रचवाई और फेशियल के लिए ब्यूटी पार्लरों पर बुकिंग करवाई। पत्नी के लिए पतियों ने भी एक दिन पहले ही बाजार से गिफ्ट आदि खरीद लिए हैं।
करवाचौथ पर व्रत रखकर सुहागिन अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। पूरा दिन बिना कुछ खाए-पीए रहती हैं। कुछ पति भी अपनी पत्नी के साथ इस व्रत को रखते हैं। सुहागिन एकत्रित होकर गीत गाती हुई पूजा की थाली को एक-दूसरे को देते हुए खुशी मनाती हैं। शाम को चंद्रमा निकलने पर वह पूजा का सामान लेकर और पति का छलनी से मुंह देखती है। इसके बाद पति की आरती उतारने के बाद ही उनके हाथ से निवाला खाकर व्रत खोलती हैं। पतियों द्वारा पत्नी को उपहार स्वरूप गिफ्ट देने का भी चलन है। पंडित नरेश शर्मा के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष में चतुर्थी के दिन करवा चौथ मनाया जाता है। बुधवार को शाम सात बजकर 23 मिनट से रात 08.52 बजे तक करवाचौथ की संध्या पूजा का शुभ मुहूर्त बन रहा है।
बाजारों में हुई खूब खरीदारी
मंगलवार को उपचुनाव के चलते बाजार बंद रहा। इससे पहले सोमवार को सुहागिनों ने बाजार पहुंच कर श्रृंगार के लिए चूड़ी, जूड़ा, कंगन, क्रीम और पाउडर आदि की जमकर खरीदारी की। जनपद के अन्य कस्बों में जमकर खरीदारी हुई। कपड़ों की दुकानों तथा शोरूम पर भी सुहागिनों की बड़ी भीड़ रही। सुनारों के यहां भी अच्छी खासी महिलाओं की संख्या देखने को मिली। उन्होंने यह सभी सामान खरीदने में कोई कंजूसी नहीं की और जो भी पसंद आया उसे खरीदा।
ब्यूटी पार्लर में आज रहेगी भीड़
करवा चौथ पर सजने और अपने को अलग दिखाने के लिए सुहागिनों ने पहले ही ब्यूटी पार्लर के लिए बुकिंग करा ली थी। बुधवार को करवा चौथ का व्रत है और व्रत रखने वाली सुहागिनें ब्यूटी पार्लर भी जाएंगी। इसलिए ब्यूटी पार्लरों पर सुहागिनाें की भीड़ रहेगी।