फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा मेला: गंगा मैया के जयकारों से गूंज रहा अनूपशहर

विज्ञापन
अनूपशहर गंगा की रेती में सजा तंबुओं का शहर। संवाद
विज्ञापन
बुलंदशहर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान का मेला गुलजार हो गया है। तंबुओं के शहर में पूरे दिन हर-हर गंगे के जयकारों की गूंज रही। मुख्य स्नान पांच नवंबर को है लेकिन अभी से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। मीना बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
विज्ञापन

गंगा के घाट और रेती में करीब पांच किलोमीटर के दायरे में मेला लगा है। शनिवार को विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ 10 दिवसीय मेले का उद्घाटन हुआ। मुख्य स्नान क्षेत्र अनूपशहर में गंगापुल रेती को बनाया गया है। इसके साथ ही बबस्टरगंज गंगा रेती व मस्तराम घाट पर स्नान के इंतजाम किए गए हैं।
गंगा पुल रेती में याकूबपुर, सलेमपुर, ढूसरी, चित्सोन, मांगरौल गांवों तथा दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों से अपनी गाड़ियों, बैल गाड़ियों व ट्रैक्टर-ट्रॉली से आए श्रद्धालुओं ने तंबू लगाकर बसेरा डाल दिया है। श्रद्धालु पूरा दिन गंगा की रेती में अपना अस्थायी घर बनाने के साथ अन्य तैयारियाें में जुटे रहे।
विज्ञापन

महिलाएं मंगल गीत गाते हुए चूल्हे पर खाना बनाती दिखीं। पुरुष ताश खेलकर व हुक्का गुड़गुड़ाकर अपना मनोरंजन कर रहे हैं। कहीं बैल दौड़ तो कहीं ट्रैक्टर दौड़ हो रही है। मेले में दुकानें भी सज गई हैं। मीना बाजार, कपड़े, खाने पीने की वस्तुओं के साथ घरेलू वस्तुओं की भी दुकानें सज गई हैं। वहीं, दूसरी ओर बबस्टर गंज स्थित कांती प्रकाश सरस्वती शिशु मंदिर में मुख्य मेला कंट्रोल रूम व मेला कोतवाली बनाया गया है। इसके साथ ही मेले की ड्रोन, सीसीटीवी व वॉच टॉवर से निगरानी रखी जा रही है।
मेले के दौरान 277 पुलिसकर्मी सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। पूरे क्षेत्र को पांच जोन में बांटा गया है। सुरक्षा ड्यूटी में 12 इंस्पेक्टर, 63 दरोगा, 13 महिला दरोगा, 172 पुरुष सिपाही और 27 महिला सिपाही तैनात किए गए हैं। गंगा घाटों पर पीएसी की फ्लड प्लाटून भी तैनात की गई है। इसके अलावा, मेला क्षेत्र में एक बम स्क्वॉड और एक डॉग स्क्वॉड टीम भी तैनात की गई है।
वहीं, दूसरी ओर जिला प्रशासन और नगर पालिका की ओर से मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ सफाई, शौचालय, चिकित्सा, पशुचिकित्सा व पेयजल आदि की व्यवस्था की गई है।
-

अहार और नरौरा समेत सभी घाटों पर भी मेला हुए गुलजार

अहार और नरौरा समेत जिले के सभी गंगा घाटों पर भी मेला गुलजार हो गए हैं। इन घाटों पर क्षेत्र में लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाते हैं। अहार में आसपास क्षेत्र के गांव के अलावा बाहर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान को पहुंचते हैं। यहां पर सिद्धबाबा घाट और मां अवंतिका देवी घाट पर गंगा स्नान की व्यवस्था की गई है। इसी तरह नरौरा के रामघाट और राजघाट में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। यहां पर भी मेला व दुकान सज गई हैं और श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है।
-
गढ़ और तिगरी मेले को रवाना हुए श्रद्धालु
बुगरासी। प्रसिद्ध गढ़ मेले में क्षेत्र से भी श्रद्धालु जा रहे हैं। बाइक, कार आदि निजी वाहनों से श्रद्धालु गढ़मुक्तेश्वर पहुंच रहे हैं। वहीं, कुछ श्रद्धालु तिगरी मेले में भी जा रहे हैं। कार्तिक स्नान को लेकर लोगों में मेले में जाने का खास उत्साह रहता है। कुछ कार्तिक स्नान के लिए तो काफी लोग केवल मेले में घूमने के लिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त तिगरी मेले में भी लोग जाते हैं। दूसरी ओर कस्बा क्षेत्र के बसीबांगर, भगवानपुर व फरीदाबांगर गंगा घाट पर भी कार्तिक स्नान पर मेला लगता है। एक ही दिन मेला लगने के कारण इन घाटों पर कार्तिक स्नान के दिन बड़ी संख्या में क्षेत्र भर के श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं।

अनूपशहर गंगा की रेती में सजा तंबुओं का शहर। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें