ग्राम खुशहालपुर निवासी सतवीर सिंह (40) की मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई। सतवीर सिंह 30 जुलाई को दौराला में सड़क दुर्घटना में उस समय गंभीर रूप से घायल हो गया था, जब वह हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहा था। पुलिस ने उसे मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया था।
सतवीर सिंह के परिजन उसे तलाशते हुए शुक्रवार पांच अगस्त को दौराला थाने पहुंचे। वहां पर पता चला कि वह मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती है। परिजन शाम को अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि उसकी सुबह को मौत हो गई है।
पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को गांव खुशहालपुर लाने की तैयारी की जा रही है। परिजनों के अनुसार सतवीर सिंह 26 जुलाई को हरिद्वार से कांवड़ लेने गया था। 28 जुलाई के बाद उससे कोई संपर्क नहीं हुआ।
तब परिजनों ने उसकी सूचना थाने में दी तथा उसकी तलाश में विभिन्न थानों के चक्कर काट रहे थे। पांच अगस्त को परिजन दौराला थाने पहुंचे तो उन्हें पुलिस ने बताया कि एक कांवड़िया दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, उसे गंभीर हालत में मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि शुक्रवार की सुबह सतवीर की मौत हो चुकी है। सतवीर की मौत का समाचार जैसे ही गांव में पहुंचा तो गांव में शोक की लहर छा गई। घर पर कोहराम मच गया। समाचार भेजे जाने तक सतवीर का शव मेरठ से गांव में लाने की तैयारी की जा रही थी।