डिबाई। नगर पालिका की ओर से क्षेत्र के धर्मपुर रोड पर 12 बीघा भूमि में बन रही कान्हा गोशाला के निर्माण तीव्र गति से किया जा रहा है। 1.68 करोड़ की लागत से बन रही इस गोशाला का निर्माण अगस्त माह तक पूरा हो जाएगा। इसमें 500 निराश्रित पशुओं को रखने की क्षमता होगी तो साथ ही सभी सुविधाओं से लैस होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष अरुण सिंघल और ईओ रेनू यादव ने बताया कि पालिका की ओर से पिछले दिनों कान्हा गोशाला बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। शासन से अनुमति मिलने के बाद हाल ही में इसके निर्माण की शुरूआत विधायक सीपी सिंह ने आधारशिला रखकर की थी। उन्होंने बताया कि यह गोशाला धर्मपुर रोड पर 12 बीघा जमीन में बनाई जा रही है। इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और यह अगस्त माह तक बनकर तैयार हो जाएगी। गोशाला की शुरुआत होने से नगरवासियों को निराश्रित व घुमंतू गोवंशों से निजात मिलेगी। 500 की क्षमता वाले कान्हा गोशाला में नगर में घूम रहे निराश्रित व घुमंतू गोवंशों को रखा जाएगा। यहां गोवंशों के बेहतर इलाज, भोजन पानी व रहन सहन की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ अन्य जरूरी सुविधाएं भी होंगी। गोशाला के निर्माण का समय-समय पर पालिका की ओर से जायजा लिया जा रहा है, ताकि इसका संचालन जल्द से जल्द कराया जा सके।