खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में रविवार को हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस जांच-पड़ताल करने में लगी है। घटना के एक दिन बाद ही पुलिस को इस मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य मिले हैं। पुलिस ने दावा किया है कि निकाह के सात महीने बाद ही पति मुबीन और पत्नी सना के रिश्ते में दरार आ गई थी। ससुर-बहू के बीच बढ़ती नजदीकी के चलते घर में क्लेश शुरू हो गया था। मुबीन के प्रॉपर्टी डीलर पिता रियाजुद्दीन (50) और पत्नी सना (21) के बीच पनपी नजदीकियों की पुष्टि उनके बीच वाट्सएप पर हुए वॉयस मैसेज और चैट से हो रही है।
कलंदरगढ़ी गांव में दवा विक्रेता मुबीन ने अपने पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद मुबीन ने खुद ही पुलिस को घटना की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त पिता रियाजुद्दीन की लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली थी। मामले में पुलिस ने आरोपी मुबीन व परिवार के लोगों से पूछताछ की। इसमें जानकारी मिली कि उसके पिता रियाजुद्दीन व पत्नी सना के बीच काफी समय से नजदीकी थी।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि 14 फरवरी 2025 को मुबीन और सना का निकाह हुआ था। निकाह के सात महीने के बाद सितंबर 2025 में रियाजुद्दीन व सना के बीच नजदीकियां होने की बात सामने आ गई थी। रियाजुद्दीन की पत्नी किस्वर को इस मामले में शक हुआ तो उसने मुबीन को बताया था। उसी समय से घर में विवाद होने लगा था।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अक्टूबर में ससुर-बहू को आपत्तिजनक हालत में देखा गया था। इसके बाद मुबीन ने पत्नी सना को मायके भेज दिया था। ससुराल पक्ष को घटनाक्रम की जानकारी देकर तलाक देने की चेतावनी दी थी। पुलिस का कहना है कि इसमें ससुराल पक्ष ने माफी मांगी थी और दोबारा ऐसा नहीं होने भरोसा दिया था। उस समय सना ने भी मायके पक्ष की हां में हां मिलाई थी। उस वक्त रियाजुद्दीन ने मुबीन पर ससुराल पक्ष से फैसला करने का दबाव बनाया था और बहु को वापस लाने के लिए कहा था। दोबारा ससुराल आने के बाद भी सना और रियाजुद्दीन में दूरियां कम नहीं हुईं।
-
किस्वर के डर व चुप्पी ने बढ़ा दिया मामला
मुबीन की मां और रियाजुद्दीन की पत्नी किस्वर की चुप्पी ने मामले को और बिगाड़ दिया। शुरुआत में जब मामला सामने आया था तो किस्वर ने घर छोड़ने का फैसला कर लिया था। बात तलाक तक पहुंच गई थी। किस्वर ने रियाजुद्दीन से कहा था कि यदि तुमको सना के साथ रहना है तो बाहर जाना होगा। इस बात पर रियाजुद्दीन ने मकान अपने नाम बताकर सभी को घर से बाहर निकालने की चेतावनी दी। अपनी 16 वर्षीय बेटी व दो बेटों के साथ बाहर निकलने का डर किस्वर को सताने लगा था। उसके बाद उसने विरोध नहीं किया और चुपचाप सब सहती रही।
सना के महंगे शौक ने उजाड़ दिया पूरा परिवार :-
मुबीन की मां किस्वर ने बताया कि सना को महंगे कपड़े व गहनों का शौक था। मुबीन इन सब बातों का विरोध करता था। इसके चलते निकाह के बाद से ही सना और मुबीन के बीच दूरी शुरू हो गई थी। रियाजुद्दीन सना के लिए नए-नए कपड़े, गहने व उपहार लाने लगा। इसके बाद दोनों के बीच रिश्ता गहराता गया।
रोजाना पत्नी और पिता की व्हाट्सएप चैट पढ़ता था मुबीन :-
सीओ खुर्जा ने बताया कि मुबीन ने व्हाट्सएप वेब के माध्यम से सना के मोबाइल का व्हाट्सएप अपने लैपटॉप में चालू कर लिया था। इसमें सना और पिता रियाजुद्दीन के बीच हुई चैट को वह पढ़ता रहता था। दोनों के बीच वॉयस मैसेज भी भेजे जाते थे।
पिता के मातम में नहीं आया छोटा बेटा रिहान
मुबीन का छोटा भाई रिहान नोएडा में रहकर स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। वह साथ में नौकरी भी कर रहा है। रिहान इतनी बड़ी घटना के बाद भी गांव अपने पिता रियाजुद्दीन के मातम में नहीं पहुंचा।
सना के पिता की तहरीर पर मुबीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज (फोटो समाचार )
संवाद न्यूज एजेंसी
खुर्जा जंक्शन। चौकी क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में ससुर और बहू की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी मुबीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही आरोपी को जेल भेज दिया गया है। वहीं, रविवार देर रात को गांव कलंदरगढ़ी में रियाजुद्दीन व ककोड़ के भौरा गांव में सना को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
ककोड़ थाना क्षेत्र के भौरा गांव निवासी खलील अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शादी के दौरान बताया गया था कि मुबीन नौकरी करता है लेकिन वह बेरोजगार था। ऐसे में ससुर रियाजुद्दीन ही सना को त्योहरों व शादी समारोह के लिए कपड़े आदि सामान दिलाते थे। इस बात पर दामाद मुबीन उनकी बेटी सना पर शक करने लगा।
10 मई को सना ने एक बेटे को जन्म दिया और 16 मई को अस्पताल से घर पहुंची तो मुबीन ने नवजात अब्बास को अपना बेटा मानने से मना कर दिया। इस पर उसने सना के चरित्र पर सवाल उठाए। पिता से संबंध की बात कही। इन्हीं सब बातों को लेकर रविवार को पीड़ित खलील व उनके परिवार के लोग मुबीन के परिवार से वार्ता करने आए थे। जहां से सुबह दस बजे वह वापस गांव आ गए।
दोपहर 12 बजे मुबीन ने खुद ही खलील अहमद को फोन कर सूचना दी कि उसने सना व रियाजुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी है। इसके बाद पीड़ित खुर्जा आए और देखा कि अस्पताल में उनकी बेटी व रियाजुद्दीन मृत पड़े थे। देर रात को पोस्टमार्टम जांच के बाद दोनों के शव खुर्जा पहुंचे। जहां से परिजन रियाजुद्दीन का शव कलंदरगढ़ी गांव ले गए और सना के शव को भौरा गांव लाया गया। देर रात को पुलिस की मौजूदगी में शवों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
कोट :-
सना के पिता खलील अहमद की तहरीर पर मुबीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। - शोभित कुमार, सीओ खुर्जा।