केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए एक्साइज ड्यूटी के विरोध में जनपद के सर्राफा बाजार बुधवार को 14वें दिन भी बंद रहे। जिसके चलते अब तक 56 करोड़ का नुकसान हो चुका है। उधर, नगर के मुकुट मंदिर में सर्राफा व्यापार एसोसिएशन के बैनर तले बैठक कर व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में भाग लेने का निर्णय लिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सर्राफ और प्रताप वर्मा ने कहा कि 17 मार्च को दिल्ली में धरना-प्रदर्शन है। धरने में जनपद से 700 व्यापारी दिल्ली को बसों द्वारा रवाना होंगे। दिनेश वर्मा ने कहा कि मंगलवार को जनपद में हुए प्रदर्शन को सफल बनाने में सभी व्यापारियों का सहयोग रहा।
बैठक में अरुण वर्मा, अनुज अग्रवाल, अनिल वर्मा, तिलक चंद, सतीश सर्राफ, संजय वर्मा, प्रिंस वर्मा और डॉ. कमल किशोर भारद्वाज समेत अन्य सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे।