जिले को बिजली बेशक नहीं मिल रही हो, लेकिन बिजलीघर जमकर मिल रहे हैं। जनपद में चार नए बिजलीघर 15 जुलाई तक शुरू हो जाएंगे। सिकंदराबाद, ककोड़ और शिकारपुर क्षेत्र में यह बिजलीघर शुरू हो रहे हैं। इसके अलावा चार अन्य बिजलीघर 15 अगस्त तक शुरू कर दिए जाएंगे। इन बिजलीघरों के शुरू होने से करीब 150 गांवों को लाभ मिलेगा।
अखिलेश सरकार द्वारा बेशक बिजली उपलब्ध नहीं कराई जा रही हो, लेकिन बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए बिजलीघरों का जमकर निर्माण हो रहा है। बिजली आपूर्ति ध्वस्त पड़ी है, लेकिन बिजली व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन हो रहा है। 15 जुलाई तक जिले में चार नए बिजलीघर शुरू कर दिए जाएंगे। इसमें सिकंदराबाद क्षेत्र के गांगरौल और मुरादाबाद, ककोड़ क्षेत्र का फकाना और शिकारपुर क्षेत्र का कैलावन बिजलीघर है।
कैलावन 10 एमवीए क्षमता का तो बाकी बिजलीघर पांच-पांच एमवीए के हैं। इसके अलावा जहांगीराबाद न्यू, शिवाली, बालका, बांसुरी बिजलीघरों को 15 अगस्त तक शुरू कर दिया जाएगा। यह सभी बिजलीघर 10-10 एमवीए के होंगे। इन सभी बिजलीघरों के शुरू होने से करीब 150 गांवों को लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को लो वोल्टेज और लोकल कटौती से निजात मिल सकेगी।