सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र में पुराने टायरों से फर्नेस ऑयल निकालने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। टायरों और ऑयल टैंक में लगी भीषण आग पर काबू पाने में अग्निशमन विभाग की टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग पर नियंत्रण नहीं होता देख अग्निशमन विभाग को दूसरे जनपदों की दमकल गाड़ियां मंगानी पड़ी।
फिर पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। भयंकर आग होने के बावजूद हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र स्थित चार नंबर रोड पर दिल्ली निवासी विवेक अरोड़ा की एक फैक्ट्री है। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे फैक्ट्री के श्रमिकों ने मशीन के पास धुआं उठता हुआ देखा। थोड़ी देर बाद ही आग भड़क उठी।
कर्मचारियों ने चौकी पुलिस के साथ मालिक विवेक अरोड़ा को फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी दी। भड़की आग को देखकर लोग कमरों को छोड़कर भाग निकले। पहले सिकंदराबाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। सीएफओ ने डिबाई, खुर्जा, बुलंदशहर और दादरी से सात दमकल गाड़ियों को मंगवाया। सीएफओ ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जाहिर की। फैक्ट्री मालिक जानकारी देने से बचते रहे।