एसडीओ पर जेई के साथ अभद्रता का आरोप लगाते हुए जेई संघ ने मोर्चा खोल दिया है। जिलेभर के अवर अभियंताओं ने बुधवार को एसई दफ्तर का घेराव किया। एसडीओ पर कार्रवाई की मांग की। मौके पर एक्सईएन, एसडीओ आए, लेकिन समझौता नहीं हो सका। जेई संघ कार्रवाई की मांग पर अड़ा है। एसई ने मामले में जांच की बात कही है।
जेई संघ ने बुधवार को हाइडिल कालोनी स्थित एसई दफ्तर का घेराव किया। जेई संघ के मंडल अध्यक्ष आरसी द्विवेदी ने कहा कि खुर्जा एसडीओ द्वारा जेई के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई। कई लोगों के सामने जेई को अपमानित किया गया, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जेई संघ के जिलाध्यक्ष प्रवेश गिरी ने कहा कि यदि एसडीओ पर तत्काल कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो जिलेभर के जेई हड़ताल पर चले जाएंगे। जेई संघ का आक्रोश देख खुर्जा एक्सईएन और एसडीओ तत्काल अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंच गए।
जेई संघ एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ा रहा। जेई संघ ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो एसडीओ के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उधर, एसडीओ का कहना है कि मुझ पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। मैंने किसी से गाली-गलौज नहीं की है।
इस मौके पर दीप सचान, अजय कुमार, सचिन कुमार, जकारिया अंसारी, उमाशंकर सक्सेना, डीपीएस नागर मौजूद रहे। वहीं, खुर्जा में भी जेई संघ ने बिजलीघर नंबर चार स्थित एक्सईएन कार्यालय का घेराव किया। प्रवेश गिरि, अभिषेक मौर्य, मंजीत, रविंद्र चौधरी मौजूद रहे।