जहांगीरपुर। व्यापारियान मोहल्ला निवासी व्यापारी समर सैफी (28) की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दिल्ली पुलिस की ओर से अज्ञात में शव का अंतिम संस्कार भी किया जा चुका है। व्यापारी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
तनवीर सैफी ने बताया कि उनके बड़े भाई मोहम्मद समर सैफी फ्लेक्स बोर्ड व होर्डिंग बोर्ड का कार्य करते थे। उनकी जहांगीरपुर के पुराना बाजार में दुकान थी। माल लेने के लिए अक्सर दिल्ली आते-जाते रहते थे। इसी के चलते दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास किराये पर कमरा भी लिया हुआ था। काम के चलते कई बार दिल्ली में ही रुक जाते थे।
करीब 15 दिन पहले वह दिल्ली गए थे, उसके तीन दिन बाद से मोबाइल फोन नंबर बंद आ रहा था। परिजनों ने अनुमान लगाया कि काम के चलते नंबर बंद हो गया होगा। करीब 10 दिन तक जब बात नहीं हुई तो दिल्ली में रहने वाले परिचितों से संपर्क किया तो उन्होंने भी समर की जानकारी होने से इन्कार कर दिया। शनिवार को परिजन दिल्ली गए और आसपास तलाश की।
निजामुद्दीन पुलिस चौकी पर संपर्क किया तो पुलिस ने फोटो देखकर बताया कि आठ जुलाई को रेलवे ट्रैक पर शव मिला था। मृतक ने कान में ईयरफोन लगा रखा था।
काफी प्रयास के बाद शिनाख्त नहीं होने पर तीन दिन बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस के पास मौजूद कपड़े और फोटो से परिजनों ने उनकी पहचान की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बिलख उठे। दिल्ली पुलिस ने मामले में ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई है।