बुलंदशहर। सोमवार से अनूपशहर में रूट डायवर्जन शुरू हो जाएगा। डायवर्जन कांवड़ मेले के चलते 23 जुलाई तक लागू रहेगा। इन तीन दिनों तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, दूसरी ओर बुगरासी में भी वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है।
एसडीएम प्रियंका गोयल ने बताया कि 21 से 23 जुलाई तक अनूपशहर व नरौरा क्षेत्र में कांवड मेले लगेगा। इस दौरान लाखों की संख्या में शिवभक्त संबंधित क्षेत्रों से कांवड़ उठान और जलाभिषेक के लिए पहुंचेंगे। शिवभक्तों को कोई परेशानी न हो और वाहनों के कारण कोई हादसा न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से रूट डायवर्ट करने की योजना तैयार कर ली है।
फिलहाल योजना के तहत वाहनों का संचालन कराया जा रहा है, लेकिन सोमवार से संबंधित क्षेत्रों में भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद करा दिया जाएगा। गढ़ गंगा पर कांवड़ मेला लगने से वाहनों को बुगरासी क्षेत्र से निकाला जाएगा। ऐसे में इस क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना बन रही है।
वहीं, दूसरी ओर पहले से ही जारी रूट डायवर्जन के चलते दिल्ली, गाजियाबाद से अमरोहा होते हुए, मुरादाबाद और बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को भूड़ चौराहा से नरौरा गंगा बैराजपुल से होते हुए वाया संभल से अमरोहा, मुरादाबाद की ओर संचालित किया जा रहा है।
जबकि मेरठ, हापुड़ से बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को डासना से ईस्टर्न पेरिफेरल होते हुए सिकंदराबाद से भूड़ चौराहा होते हुए नरौरा बैराज पुल से वाया बबराला निकाला जा रहा है। खुर्जा व अलीगढ़ की ओर से मेरठ जाने वाले भारी वाहनों को खुर्जा से सिकंदराबाद वाया ईस्टर्न पेरिफैरल होते हुए डासना और वहां से किठौर होते हुए निकाला जा रहा है।
इसके अलावा बरेली, रामपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन नरौरा, अतरौली, अलीगढ होकर जा रहे हैं। साथ ही मुरादाबाद, संभल की ओर से बुलंदशहर आने वाले भारी वाहनों को थाना रजपुरा, बबराला से नरौरा होते हुए शिकारपुर होकर निकाले जा रहे हैं।
दिल्ली गाजियाबाद से अमरोहा मुरादाबाद रामपुर की ओर जाने वाले वाहनों को दिल्ली गाजियाबाद की तरफ से अमरोहा और बरेली की ओर जाने के लिए सिकंदरबाद से भूड़ चौराहा से नरौरा गंगा बैराज पुल से होते हुए निकाला जा रहा।