बुलंदशहर। नई मंडी चौकी क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी के पेट में दर्द होने पर परिजन उसे चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे तो उन्हें उसके गर्भवती होने की जानकारी हुई। पीड़िता ने परिजनों का पूछताछ करने पर बताया कि गांव का ही एक युवक करीब छह माह पूर्व बहला फुसलाकर उसे अपने घर ले गया था। जहां तमंचे से डरा धमकाकर कर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भी दुष्कर्म करता रहा। पुलिस ने अब तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नई मंडी चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री को बीते कुछ दिनों से पेट में दर्द की शिकायत हो रही थी। परिजन चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां उसका चेकअप कराने पर पता चला कि वह छह माह की गर्भवती है। इसके बाद उन्होंने अपनी पुत्री से पूछताछ की तो उसने डरी सहमी अवस्था में बताया कि करीब छह माह पूर्व गांव निवासी युवक तेजवीर सिंह बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया था। साथ ही आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। आरोपी उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करता रहा। साथ ही शिकायत करने पर भी वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस कारण वह चुप रही। साथ ही आरोपी ने उसके छोटे भाई की हत्या करने की भी धमकी दी थी। किशोरी के परिजन जब आरोपी युवक के घर पहुंचे और उसके पिता से विरोध जताया तो आरोपी युवक के पिता और भाई ने उन्हें अभद्रता कर घर से बाहर कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। किशोरी के दादा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी तेजवीर सिंह, पिता और छोटे भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी अनुकृति शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और पीड़िता के बयान दर्ज करा दिए गए हैं।
मेडिकल के लिए भटकती रही पीड़िता
डिबाई। कर्णवास चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवती के साथ उसी के गांव निवासी युवक ने सोमवार शाम खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। सूचना पर पीड़िता के परिजन की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। युवती को रात 10 बजे मेडिकल के लिए महिला पुलिसकर्मी के साथ सीएचसी भेजा गया। लेकिन, ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक ने मेडिकल नहीं किया। जब, महिला पुलिसकर्मी मंगलवार सुबह फिर अस्पताल पीड़ित को लेकर पहुंची तो तैनात महिला चिकित्सक ने मेडिकल करने से मना कर दिया, उसका कहना था कि रात में जिसकी ड्यूटी थी वही चिकित्सक मेडिकल करेगी। महिला पुलिसकर्मी द्वारा अपने अधिकारी को संज्ञान में लाने पर कोतवाली निरीक्षक ने सीएमओ से इस संबंध में वार्ता की। इसके बाद मंगलवार शाम तीन बजे के बाद पीड़िता का मेडिकल कराया जा सका है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि रात में तैनात चिकित्सक का मंगलवार सुबह स्थानांतरण हो चुका है। हालांकि अब पीड़िता का मेडिकल करा दिया गया है।