बलराउ गांव में सोमवार को दो वर्षीय मासूम लक्ष्य ने तेजाब को पानी समझकर पी लिया।
इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने से परिजनों में हड़कंप मच गया।
आनन फानन उसे नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
बलराउ गांव निवासी मनोज दो बेटों और पत्नी के साथ रहते हैं। एक बेटा पांच वर्ष और दूसरा दो वर्ष का लक्ष्य है।
मनोज टायलेट साफ करने के लिए एक बोतल में तेजाब खरीदकर लाए थे। मनोज ने बोतल आंगन के एक कोने में रख दी थी।
सोमवार को उसका दो वर्षीय बेटा घर में खेल रहा था। परिजनों के अनुसार, बेटा लक्ष्य खेलते हुए अचानक बोतल के पास पहुंच गया और पानी समझकर पी गया।
इससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। रोने की आवाज सुनकर परिजन बेटे के पास पहुंचे तो उसके मुंह और नाक से खून बह रहा था। उसकी हालत बिगड़ती देख परिजनों के होश उड़ गए।
आनन फानन में उसे लेकर अस्पताल रोड स्थित एक निजी ट्रामा सेंटर पहुंच गए। चिकित्सक दिनेश पाल सिंह ने बताया कि बच्चे की हालत काफी गंभीर थी। इलाज के बाद धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।