कोटद्वार। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) कार्यकर्ताओं का नगर की समस्याओं के समाधान के लिए देवी मंदिर चौराहे में चल रहा प्रदर्शन शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस मौके पर प्रदेश सरकार से कानूनी अड़चनें दूर कर मोटर नगर बस अड्डे का निर्माण जल्द कराने की मांग की गई। इस मौके पर कई अन्य प्रस्ताव भी पारित किए गए।
धरनास्थल पर हुई सभा में यूकेडी कार्यकर्ताओं ने व्यापार मंडल के आह्वान पर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के उद्देश्य से किए गए बाजार बंद का पूर्ण समर्थन किया। कहा कि बाजार बंद के दौरान शहर में शराब की दुकानें खुली रहीं, जिसकी संगठन घोर निंदा करता है। यूकेडी की महानगर कार्यकारिणी की ओर से शहर की कई मांगे उठाई गई।
यूकेडी ने बांग्लादेश के हिंदुओं की सुरक्षा के लिए कठोर कूटनीतिक रणनीति बनाने और बांग्लादेश को 1971 की याद दिलाते हुए कार्रवाई की चेतावनी देने, उत्तराखंड के हिंदू बाहुल्य पर्वतीय क्षेत्र से हो रहे पलायन रोकने के लिए ठोस नीति बनाने, पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को उनके जल, जंगल, जमीन के अधिकार वापस दिलाने, पर्वतीय क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा, भाषा पहचान की सुरक्षा और समग्र विकास के लिए ठोस रणनीति बनाने की मांग की गई। वरिष्ठ यूकेडी नेता डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने जनता से 14 और 15 दिसंबर के प्रदर्शन में अधिक से अधिक लोगों के शामिल होने की अपील की है।
प्रदर्शन करने वालों में पंडित बृजेश चतुर्वेदी, भगवती प्रसाद कंडवाल, दिनेश नवानी, राजेश थपलियाल, राजेंद्र पंत, दिनेश गौड़, जगदीपक रावत, हरीश द्विवेदी, सत्यप्रकाश भारद्वाज आदि शामिल रहे।